आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप में आज टूर्नामेंट का 36वां मुकाबला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लीड्स में खेला गया. इस मैच को पाकिस्तान की टीम ने बेहद ही रोमांचक अंदाज में पूरे तीन विकेट से जीतकर अपने नाम किया.
इस मैच में पाकिस्तान की टीम के सामने 228 रनों का लक्ष्य था, लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मुकाबलें को अंत तक दिलचस्प बनाकर रखा. अंतिम ओवर में पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 6 रनों की जरूरत थी और टीम ने यह मैच दो गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीता. टीम की जीत में इमाद वसीम ने नाबाद 49 रन की पारी खेली.
शनदार जीत के बाद सामने आया सरफराज का बयान
अफगानिस्तान के खिलाफ मिली इस जीत के बाद पाकिस्तान ने अपनी सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद को भी जीवित रखा. मैच जीतने के बाद टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने पोस्ट मैच सेरेमनी में कहा,
”सबसे पहले मैं समर्थकों का शुक्रियादा करना चाहूँगा. यह वाकई में हमारी टीम के लिए एक बड़ी जीत रही. यह विकेट बल्लेबाजी के लिए बिलकुल भी आसान नहीं था, जीत का सारा श्रेय इमाद को जाता हैं. आज इमाद ने दबाव में बहुत ही बढ़िया बल्लेबाजी की.”
सरफराज अहमद ने आगे अपने बयान में कहा, ”हमें पता था यह आसान चेज नहीं होने वाला अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने आज परिस्तिथियों का भरपूर फायदा उठाया. बाबर और इमाम ने भी अच्छी बल्लेबाजी की, मध्यक्रम में हमें साझेदारी की जरूरत थी जो हमे नहीं मिल पायी. अंत में हमने अच्छा किया और यह जीत पूरी टीम के एफर्ट से मिली.”
भारत-इंग्लैंड मैच से उम्मीद
रविवार को इंग्लैंड और भारत के बीच एक बड़ा मैच खेला जायेगा और अगर भारतीय टीम इंग्लैंड को हराने में सफल रही तो पाकिस्तान का अंतिम चार में जगह बनाने ,में अवसर बहुत अधिक बढ़ जायेगे. सरफराज अहमद ने इस मैच को लेकर कहा, ”यह वाकई में एक रोमांचक मैच होने वाला हैं. मैं आशा करता हूँ कि जो टीम अच्छा खेलेगी वही मैच जीतेगी.”
सरफराज अहमद ने अंत में कहा, ”शाहीन अफरीदी ने आज काफी प्रभावित किया. दिन प्रतिदिन उनके खेल में निखार आता जा रहा हैं और इसके लिए वह लगातार मेहनत भी कर रहे हैं.”

