वर्ल्ड कप 2019 के पहले सेमीफाइनल में टीम इंडिया को 18 रन से हार न्यूजीलैंड के हाथों झेलनी पड़ी और इस तरह से टीम इंडिया का वर्ल्ड कप का सफर यहीं थम गया. न्यूजीलैंड ने एक बार फिर से फाइनल में जगह बना ली. इससे पहले 2015 के सेमीफाइनल में भी न्यूजीलैंड को साउथ अफ्रीका को जीत मिली थी और उन्होंने फाइनल में जगह बनाई थी.

गौर करने वाली बात है कि जब ऋषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे थे तो मैच टीम इंडिया के कंट्रोल में नजर आ रहा था. लेकिन इसी बीच पंत ने सेंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की और वह डीप मिड विकेट पर लपके गए. कोहली ने जब पंत को ऐसे आउट देखा तो उनका गुस्से का गुबार फूट पड़ा और जहां से वह बैठे थे वहां से तमतमाए हुए उठे और सीधे कोच रवि शास्त्री के पास गए और बातचीत की. अब कोहली ने उस दौरान क्या कहा था ये सवाल एक पत्रकार ने खुद कोहली से पूछ लिया. इसका जवाब देते हुए कोहली ने कहा, "मैं उनसे उस समय मैच में क्या चल रहा है के हालात पर चर्चा कर रहा था. मैं उनसे बल्लेबाज को क्या सूचना देनी चाहिए इस पर बात कर रहा था."

टीम इंडिया इस मैच में आखिरी तक बनी हुई थी लेकिन जडेजा के कैच आउट और धोनी के रन आउट होने के बाद टीम इंडिया का वर्ल्ड कप 2019 के फाइनल में जाने का सपना टूट गया. वैसे भारत के हारने के साथ सारे मैदान में मातम सा माहौल देखने को मिला. हर कोई निराश नजर आ रहा था. इसी बीच एक बच्चा अपने पिता से गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगा.

गौर करने वाली बात है कि इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 239 का स्कोर बनाया था. इस दौरान उनकी तरफ से रॉस टेलर ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए थे. उनके अलावा केन विलियमसन ने 67 रन बनाए. जवाब में टीम इंडिया 49.3 ओवर में 221 रन पर ऑलआउट हो गई और मैच 18 रन से हार गई. मैट हेनरी ने इस मैच में 37 रन देकर 3 विकेट झटके और मैन ऑ द मैच चुने गए. वैसे भारत की ओर से रविंद्र जडेजा ने कमाल की बल्लेबाजी की और 59 गेंदों में 77 रन ठोके.