World Cup 2019 के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय टीम को 18 रनों से मात दे दी. इस मैच में हार से भारतीय टीम का वर्ल्डकप जीतने का सपना टूट गया. टीम इंडिया के वर्ल्डकप से बाहर होने के बाद दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की भी खूब चर्चा हो रही है. वहीं उन्हें एक टीम का कप्तान बनाया गया है.
दरअसल, भारतीय टीम के पूर्व तेज गेदंबाज आशीष नेहरा ने अपनी वर्ल्ड कप इलेवन टीम चुनी है. महेंद्र सिंह धोनी को इसी टीम का कप्तान बनाया गया है. आशीष नेहरा ने इस टीम में पांच भारतीय खिलाड़ियों को जगह दी है. भारत की तरफ से इसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है.
महेंद्र सिंह धोनी इस टीम के कप्तान होंगे. सेमीफाइनल में मिली हार के बाद धोनी को लेकर संन्यास की बातें की जा रही हैं. ऐसे में नेहरा ने उन्हें अपनी टीम का कप्तान बनाकर सबको हैरान कर दिया है. नेहरा ने विराट कोहली और केन विलियमसन पर धोनी को तरजीह दी है. उन्होंने कहा कि कप्तानी के मामले में धोनी बेहतर विकल्प हैं.
इस टीम में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया से 2-2 तथा न्यूजीलैंड-बांग्लादेश से एक-एक खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. नेहरा की टीम में रोहित शर्मा के साथ डेविड वॉर्नर ओपेनिंग करेंगे. वॉर्नर और रोहित शर्मा मौजूदा वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. रोहित के नाम इस वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 648 रन दर्ज हैं.
इस टीम में तीसरे नंबर पर विराट कोहली बैटिंग करेंगे. वहीं केन विलियमसन और शाकिब अल हसन को मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी दी गई है. छठवें नंबर पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आएंगे. बेन स्टोक्स सातवें स्थान पर टीम के लिए बतौर ऑलराउंडर शामिल किए गए हैं.
शाकिब अल हसन और बेन स्टोक्स के रूप नेहरा ने टीम में दो मजबूत ऑल राउंडर शामिल किए हैं. गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, जोफ्रा आर्चर और मिचेल स्टार्क टीम में अपना दम दिखाएंगे. टीम इस प्रकार है- महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर, विराट कोहली, केन विलियमसन, शाकिब अल हसन, बेन स्टोक्स, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, जोफ्रा आर्चर और मिचेल स्टार्क.


